भारत बंद से बेहाल ट्रैफिक, किसानों के प्रदर्शन के कारण कई रूट किए गए डायवर्ट

Monday, Sep 27, 2021 - 03:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान यूनियन के बंद के दौरान सोमवार को दिल्ली पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया, जिसके चलते सुबह के समय कई हिस्सों में ट्रैफिर जाम हो गया। दिल्ली पुलिस ने शहर की सीमाओं पर सुरक्षा जांच बढ़ाई है, जिससे यातायात धीमा हो गया। पुलिस ने ट्विटर के जरिए यात्रियों को सड़कें बंद होने और यातायात बाधित होने के बारे में सूचित किया। पुलिस के अनुसार, ऐतिहासिक लाल किले के आसपास की सड़कों के साथ-साथ गाजीपुर सीमा पर दोहरे कैरिजवे (मार्ग) को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने ट्वीट किया, ''लाल किले पर दोनों कैरिजवे छत्ता रेल और सुभाष मार्ग पर दोनों ओर से यातायात बंद है।''

 

ट्रैफिक पुलिस ने ट्विटर पर कहा, “प्रदर्शनकारियों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 24 और 9 को अवरुद्ध करने के कारण, सराय काले खां से आने वाले यात्री गाजियाबाद के लिए विकास मार्ग और डीएनडी के माध्यम से नोएडा की ओर जा सकते हैं।” पुलिस ने ट्वीट किया, “किसानों के विरोध के कारण गाजीपुर सीमा दोनों ओर से यातायात के लिए बंद है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले यात्री डीएनडी फ्लाईवे, विकास मार्ग, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

Seema Sharma

Advertising