world population: आज 8 अरब हो जाएगी दुनिया की आबादी, चीन से भी आगे निकलेगा भारत

Tuesday, Nov 15, 2022 - 09:16 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दुनिया की आबादी मंगलवार को आठ अरब हो जाएगी। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़े के अनुसार यह अनुमान जताया गया है। ऐसे में मानव विकास के इतिहास में पहली बार धरती पर इंसानों की इतनी बड़ी संख्या मौजूद होगी। संयुक्त राष्ट्र के ताजा आंकड़ों में बताया गया है कि वैश्विक जनसंख्या 2030 तक 8.5 बिलिनय (अरब) और 2050 तक 9.7 अरब तक पहुंच जाएगी। साल 2100 तक ये आंकड़ा 10.4 अरब तक पहुंच सकता है।

 

धीमी गति से बढ़ रही जनसंख्या

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सोमवार को जारी वार्षिक विश्व जनसंख्या संभावित रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 1950 के बाद वैश्विक जनसंख्या सबसे धीमी गति से बढ़ रही है, जो 2020 में एक प्रतिशत से भी कम हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक जनसंख्या को 7 से 8 अरब तक पहुंचने में 12 साल लगे जबकि अब इसके 8 से 9 अरब तक पहुंचने में करीब 15 साल लगेंगे। ऐसे में दुनिया की आबादी 2037 तक 9 अरब पहुंच सकेगी। यह दर्शाता है कि वैश्विक जनसंख्या के वृद्धि दर में कमी आ रही है। साल 2022 में एशिया में दो सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र रहे- पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया जहां 2.3 अरब की आबादी है। वहीं, मध्य और दक्षिणी एशिया में 2.1 अरब लोग हैं। इन क्षेत्रों में 1.4 अरब से अधिक की आबादी के साथ चीन और भारत सबसे आबादी वाले देश हैं।

 

भारत बनेगा सबसे अधिक आबादी वाला देश

2050 तक वैश्विक जनसंख्या में अनुमानित वृद्धि का आधे से अधिक केवल आठ देशों में केंद्रित होगा। ये देश हैं- कांगो, मिस्र, इथियोपिया, भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और तंजानिया। संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के अनुसार, 2023 में भारत के दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकलने का अनुमान है।

Seema Sharma

Advertising