पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग और शोपियां में एनकाउंटर, आज इन खबरों पर रहेगी देश की नजर

Friday, Feb 19, 2021 - 10:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क: हर एक दिन कुछ ना कुछ नया लेकर आता है। शुक्रवार की सुबह होते ही जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है, जिसमें तीन आतंकी मारे गए। वहीं पेट्रोल डीजल की कीमतों में राहत की उम्मीद कर रही आम जनता के हाथ आज निराशा ही लगी। इसके अलावा आज नासा का यान लाल ग्रह की सतह पर उतर गया है। इसी तरह की पल पल की खबरें हम आप तक पहुंचाते रहेंगे, जिस पर देश और दुनिया की नजर बनी हुई है।

मंगल पर उतरा नासा का रोवर 
मंगल पर जीवन का पता लगाने के अभियान में साक्ष्य जुटाने के लिए एक रोवर ग्रह की सतह पर उतर गया है। अब तक की सबसे जोखिम भरी और ऐतिहासिक इस खोज का उद्देश्य यह पता लगाना है कि मंगल ग्रह पर क्या कभी जीवन था। अभियान के तहत ग्रह से चट्टानों के टुकड़े भी लाने का प्रयास किया जाएगा जो इस सवाल का जवाब खोजने में अहम साबित हो सकते हैं। 

 

पेट्रोल डीजल आज भी महंगा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी आने से आज घरेलू बाजार में लगातार 11वें दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 31 पैसे बढ़कर 90 रुपए प्रति लीटर के स्तर को पार 90.19 रुपए प्रति लीटर पर और डीजल 33 पैसे चढ़कर 80.60 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। तेल विपणन करने वाली सरकारी कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन के अनुसार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल में 31 पैसे और डीजल में 33 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल 90.19 रुपये प्रति लीटर पर चला गया।

विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आज विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और विश्वभारती के रेक्टर जगदीप धनखड़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक' और शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।  समारोह में कुल 2535 छात्रों को डिग्री दी जाएगी। शांतिनिकेतन में स्थित विश्वभारती की स्थापना रवींद्रनाथ टैगोर ने 1921 में की थी। यह देश में सबसे पुराना केंद्रीय विश्वविद्यालय है। संसद के कानून के द्वारा मई 1951 में विश्वभारती को केंद्रीय विश्वविद्यालय और ‘‘राष्ट्रीय महत्व का संस्थान'' घोषित किया गया।

 

सुरक्षाबलों  ने ढेर किए तीन आतंकी 
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है। ये एनकाउंटर ऐसे समय में हुए हैं जब विदेशी राजदूतों का एक दल ने घाटी के हालात जानने के लिए कश्मीर का दौरे किया।

अमित शाह का बंगाल दौरे का दूसरा दिन
गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे का आज दूसरा दिन है, वह शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए नेशनल लाइब्रेरी जाएंगे। जहां शाह लगातार जनसंपर्क करके बंगाल के लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं पार्टी के चुनाव प्रबंधन का जिम्मा संभालते हुए कार्यकर्ता उत्साह से भर रहे हैं। उन्होंने वीरवार को चुनावी यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। 

vasudha

Advertising