देश में ईद की धूम, नवजोत सिंह सिद्धू ने अमृतसर में बुलाई नेताओं की बैठक...आज की बड़ी खबरें

Wednesday, Jul 21, 2021 - 10:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कोरोना संकट के बीच देश में आज ईद उल अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है। वहीं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार (21 जुलाई) को देश-विदेश की इन बड़ी खबरों पर नजर रहेगी। 

 

देश में आज ईद की धूम
कोरोना के साये के बीच आज देश में बड़ी धूमधाम से ईद उल अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है, हालांकि इस दौरान लोग कोरोना नियमों का भी खास ध्यान रख रहे हैं।

 

भूकंप के झटकों से दहले 3 राज्य
देश के तीन राज्यों में बुधवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजस्थान, मेघालय और लद्दाख में तड़के भूकंप के झटके लगे जिससे लोग डर कर अपने घरों से बाहर आ गए। भूकंप के सबसे तेज झटके राजस्थान के बीकानेर में महसूस हुए।

 

स्वतंत्रता दिवस तक लाल किला बंद
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लाल किला आम नागरिकों के लिए आज से बंद कर दिया गया। 21 जुलाई से 15 अगस्त तक लाल किले में घूमने के लिए जाने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

 

दिल्ली में मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मानसून ने बीते दो दिन में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तेजी पकड़ी है। पिछले हफ्ते में मानसून के दस्तक देने के बाद बारिश ने जुलाई में औसत का रिकॉर्ड पार कर लिया है। अब तक 220.04 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। 

 

सिद्धू का शक्ति प्रदर्शन आज
पंजाब कांग्रेस के निवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू आज अमृतसर में पहली बैठक बुलाकर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। पार्टी के आधे से ज्यादा विधायक इस बैठक में नजर आएंगे। इस दौरान टकसाली नेताओं की खामोशी खुलने का इंतजार रहेगा। कैप्टन के करीबी कहे जाने वाले राजकुमार वेरका भी सिद्धू के खेमे में आ गए हैं।

 

शहीद दिवस- ममता बनर्जी देगी भाषण
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में शहीद दिवस के कार्यक्रम में भाषण देंगी। उनका भाषण हर राज्य की स्थानीय भाषा में प्रसारित होगा।

 

चीन में झेंग्झौ शहर में बाढ़ से 12 की मौत
चीन के हेनान प्रांत में झेंग्झौ शहर में आई बाढ़ से 12 लोगों की मौत हो गई और शहर के पास बना एक बांध टूट गया है। सीजीटीएन चैनल ने यह जानकारी दी है। सीजीटीएन की रिपोर्ट के अनुसार खराब मौसम के कारण झेंग्झौ में भूमिगत मैट्रो में पानी भर गया।

 

covid-19 के कारण मौत के मामले काफी कम हुए: बाइडन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि देश में कोरोना वायरस से मौत के मामलों में टीकाकरण कार्यक्रम के कारण काफी कमी आई है, लेकिन देश को कोविड-19 के ‘डेल्टा' स्वरूप को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं
अंतर्रष्ट्रीय बाजार में इस सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में करीब छह प्रतिशत की गिरावट के बीच देश में पेट्रोल के दाम आज लगातार चौथे दिन रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर स्थिर रहे। डीजल के मूल्य में भी लगातार छठे दिन कोई बदलाव नहीं किया गया।

Seema Sharma

Advertising