आज देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू की जयंती, पीएम मोदी-राहुल गांधी ने किया नमन

Saturday, Nov 14, 2020 - 10:24 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 131वीं जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए शनिवार को कहा कि उन्होंने जिन मूल्यों के साथ देश की समृद्धि की नींव रखी उन्हें संरक्षित करने के लिए हमें निरंतर प्रयास करना चाहिए।

 


श्री गांधी ने ट्वीट किया, ‘भारत आज अपने पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती मना रहा है। वह दूरदर्शी थे जिन्होंने भाईचारे, समतावाद और आधुनिक द्दष्टिकोण के साथ हमारे देश की नींव रखी। इन मूल्यों को संरक्षित रखने का हर हाल में प्रयास करना होना चाहिए।'  इससे पहले वह पंडित नेहरू के समाधि स्थल शांतिवन गए और पहले प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 


वहीं, इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि दी है। पंडित नेहरु की आज 131 वीं जयंंती है। प्रथम प्रधानमंत्री बच्चों में चाचा नेहरु के रूप में लोकप्रिय थे और उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। श्री मोदी ने पंडित नेहरु की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा, ‘देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।'


वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया - 'भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।' अरुणाचल प्रदेश के स्पीकर पसांग दॉरजी सोना ने ट्वीट किया - 'बाल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह दिन भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की का भी स्मरण कराता है। 

 

rajesh kumar

Advertising