पश्चिम बंगाल: यौन उत्पीड़न के आरोप में TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार, मुंबई भागने की फिराक में थे

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 07:15 PM (IST)

बंगाल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद सियासी सरगर्मी के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक विधायक की गिरफ्तारी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दक्षिण 24 परगना जिले की कैनिंग पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक परेश राम दास को सोमवार (9 नवंबर, 2026) को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। उन पर एक महिला ने दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, विधायक मुंबई जाने की तैयारी में थे, तभी बारुईपुर जिला पुलिस की टीम ने उन्हें दबोच लिया।

कोलकाता एयरपोर्ट से TMC विधायक की गिरफ्तारी
ABP की रिपोर्ट के मुताबिक, बारुईपुर पुलिस ने 9 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर परेश राम दास को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि विधायक मुंबई जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में रखा गया है। हालांकि, अदालत में पेशी और रिमांड को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

महिला ने 2023 में दुष्कर्म का लगाया आरोप
विधायक के खिलाफ मामला सितंबर 2026 में सामने आया था। एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में परेश राम दास ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। महिला का दावा है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उसकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई।

4 लाख लेकर पति को पंचायत चुनाव का टिकट दिलाने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, 2023 के पंचायत चुनाव से पहले विधायक ने उसके पति को तृणमूल कांग्रेस का टिकट दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बदले कथित तौर पर ₹4 लाख की मांग की गई थी। महिला का आरोप है कि जब वह पैसे पहुंचाने के लिए विधायक से जुड़े एक प्रतिष्ठान पर गई, तो वहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विधायक ने आरोपों को बताया था राजनीतिक साजिश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परेश राम दास ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया था। उन्होंने इसे अपनी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश करार दिया था। इससे पहले 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में भी CID विधायक से पूछताछ कर चुकी है। सितंबर 2026 में पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हाईकोर्ट से मिली थी अंतरिम सुरक्षा
मई 2026 में कलकत्ता हाईकोर्ट ने परेश राम दास को छह FIR से जुड़े मामलों में 30 जून तक अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी। हालांकि, अदालत की यह राहत केवल उन छह मामलों तक सीमित थी और जांच जारी रखने की अनुमति दी गई थी। अब दुष्कर्म के आरोप में हुई उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की पुलिस जांच, अदालत में पेशी और संभावित रिमांड पर सबकी नजरें टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News