फायरिंग हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर आई सामने: बांद्रा स्थित घर पहुंचे डिप्टी CM एकनाथ शिंदे, जाना हाल-चाल

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 06:12 AM (IST)

मुंबई : मुंबई में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना के बाद उनकी पहली तस्वीर सामने आ गई है। राहत की बात यह है कि टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी है, लेकिन हमले के वक्त खुद को और अपने ड्राइवर को बचाने की कोशिश के दौरान उनके शरीर व सीने पर चोटें आई हैं तथा उनके बाएं हाथ में कच्चा प्लास्टर बंधा हुआ देखा गया है। घटना के बाद देर रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद बांद्रा के कार्टर रोड स्थित टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचे और उनसे तथा उनके पूरे परिवार से मुलाकात की।

डिप्टी CM ने जाना हाल-चाल, श्रॉफ परिवार को ढांढस बंधाया 
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मिलकर उनकी सेहत का हाल जाना और उनके परिवार को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए शिंदे ने कहा कि बिना किसी विवाद या दुश्मनी के एक युवा अभिनेता पर इस तरह का जानलेवा हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर है। इस अचानक हुए हमले के बाद से श्रॉफ परिवार, खासकर टाइगर की मां आयशा श्रॉफ, भारी मानसिक तनाव और दहशत में हैं।

'मुंबई में किसी भी गैंग की दहशत बर्दाश्त नहीं होगी' 
बिश्नोई गैंग या किसी अन्य गिरोह की ओर से सेलिब्रिटीज को मिलने वाली धमकियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए डिप्टी CM ने स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र में किसी भी गैंग की दहशतगर्दी या गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिंदे ने याद दिलाया कि 1990 के दशक में मुंबई पुलिस ने कड़ा रुख अपनाकर गैंगवार को खत्म किया था और यदि कोई फिर से दहशत फैलाने की कोशिश करेगा तो पुलिस उसे उसी की भाषा में जवाब देगी।

विशेष टीमें गठित, फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा की होगी समीक्षा
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मुंबई पुलिस आयुक्त ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस आयुक्त को पूरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और अभिनेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि यदि उन्हें किसी गिरोह से धमकी भरा फोन या संदेश मिलता है तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें, सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News