केंकड़े पकड़ने गए शख्स को गले से घसीटकर जंगल में ले गया टाइगर, कोई अता पता नहीं
Tuesday, Jul 30, 2019 - 01:22 PM (IST)
कैनिंग: पश्चिम बंगाल के सुन्दरवन में एक बाघ केंकड़े पकड़ने वाले एक व्यक्ति को घसीट कर ले गया। एक वन अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना दक्षिण 24 परगना के गोसाबा में सोमवार को हुई। सोमवार को ही अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस था। अधिकारी ने कहा, ‘‘ बाघ ने 48 वर्षीय अर्जुन मंडल को गले से उस समय खींचा, जब वह अपने दो दोस्तों के साथ सदक्खली वन के पास केंकड़े पकड़ रहा था। ''
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के दोस्त धुर्बा मंडल और परितोष मृदा बाघ के पीछे-पीछे गए लेकिन अर्जुन को बचा नहीं सके। उन्होंने कहा कि वापस लौट उन्होंने अर्जुन मंडल के परिवार और सजनखली रेंज कार्यालय को घटना की जानकारी। इसके बाद उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।'' अधिकारी ने बताया कि सुन्दरवन में बाघ द्वारा इस महीने मानव पर किया गया यह तीसरा हमला है।