गगनदीप रंधावा प्रकरण : अफसरों को धमकी, मारपीट और उगाही से चल रहा शासन : चुग
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 08:10 PM (IST)
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुग ने अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या को बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना बताते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के भीतर पनप चुके भय, भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति का भयावह उदाहरण है।
चुग ने कहा कि जिस प्रकार एक ईमानदार अधिकारी को मंत्री के निवास पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई, उसे धमकाया गया और जबरन एक झूठे रिश्वत प्रकरण में फंसाने की कोशिश की गई, वह यह साबित करता है कि भगवंत मान सरकार में शासन कानून से नहीं, बल्कि डर और दबाव से चलाया जा रहा है।
चुग ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री पूरे पंजाब में उगाही का जाल बिछा चुके हैं। अधिकारी हों या व्यापारी, कोई भी इस दबाव तंत्र से अछूता नहीं है। जो व्यक्ति इस अवैध तंत्र का हिस्सा बनने से इनकार करता है, उसे प्रताड़ना, धमकी और झूठे मामलों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि पंजाब में भ्रष्टाचार अब अपवाद नहीं, बल्कि संस्थागत रूप ले चुका है। सरकार के शीर्ष स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक भय और उगाही का वातावरण बना दिया गया है, जिसमें ईमानदारी से काम करना ही सबसे बड़ा अपराध बन गया है।
चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल करते हुए कहा कि क्या यही उनकी पारदर्शी और ईमानदार शासन की परिभाषा है? क्या पंजाब के अधिकारियों को अब अपना कर्तव्य निभाने के लिए जान का जोखिम उठाना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच अनिवार्य है।
चुग ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण में केवल आत्महत्या के लिए उकसाने का नहीं, बल्कि पूर्व मंत्री भुल्लर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
