भाजपा विधायक का विवादित बयान, कहा- देश विरोधी नारे लगाने वालों को गोली मार देनी चाहिए

Monday, Feb 24, 2020 - 11:18 PM (IST)

बेंगलुरुः पाकिस्तान के समर्थन में और भारत विरोधी नारेबाजी करने वाले लोगों को गोली मारने के लिए कानून की जरूरत बताने वाले कर्नाटक के मंत्री बी सी पाटिल के बयान के एक दिन बाद एक और भाजपा विधायक ने सोमवार को कहा कि ऐसे लोगों को देखते ही गोली मार देनी चाहिए या पड़ोसी देश भेज देना चाहिए।

माडिकेरी से विधायक अपाचू रंजन ने कहा कि अमूल्या ने सीएए संबंधी बैठक के दौरान बेंगलुरु में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में रहकर- यहां का खाकर, पानी पीकर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वालों को गोली मार देनी चाहिए।''

कोडागू के सोमवारपेट में उन्होंने कहा कि या नहीं तो ऐसे लोगों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। किसी को भी उनके प्रति नरमी नहीं दिखानी चाहिए या उनके पक्ष में मामला नहीं लड़ना चाहिए। कृषि मंत्री पाटिल ने रविवार को ऐसे लोगों को गोली मारने के लिए कानून की जरूरत बतायी थी और कहा था कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री से अनुरोध करेंगे।

पाटिल ने कहा था, ‘‘देश में एक कानून लाना चाहिए कि जो भी भारत के खिलाफ और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करेगा, उन्हें देखते ही गोली मार देनी चाहिए। ऐसा कानून लाना महत्वपूर्ण है।''

Yaspal

Advertising