‘गौ-मांस खाने वालों की हो सकती है घर वापसी’, होसबोले बोले- विश्व गुरु बनकर भारत करेगा दुनिया का नेतृत्व

punjabkesari.in Thursday, Feb 02, 2023 - 01:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा है कि हम राइट विंग भी नहीं और लेफ्ट विंग भी नहीं हैं, हम नेशनलिस्ट हैं। संघ सिर्फ राष्ट्र हित में काम करने वाला है। होसबोले ने कहा कि अगर कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्होंने मजबूरी में गोमांस खाया है तो हम उनके लिए अपने दरवाजे बंद नहीं कर सकते हैं। ऐसे लोगों की हम धर्म वापसी करवा सकते हैं। सरकार्यवाह बुधवार को एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान की ओर से‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ: कल, आज और कल विषय पर यहां आयोजित दीनदयाल स्मृति व्याख्यान में बोल रहे थे।

भारत में रहने वाले सभी हिन्दू
उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले सभी हिन्दू हैं, क्योंकि उनके पूर्वज हिन्दू थे। उनकी पूजा पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन उन सभी का डीएनए एक है। उन्होंने कहा कि संघ केवल शाखा लगाएगा, लेकिन संघ के स्वयंसेवक सभी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही भारत विश्व गुरु बनकर दुनिया का नेतृत्व करेगा। संघ भारत के सभी मत और संप्रदाय को एक मानता है। 

करा सकते हैं घर वापसी
उन्होंने कहा कि भारत में 600 से अधिक जनजातियां कहती थीं कि हम अलग हैं और भारत विरोधी ताकतों ने उन्हें उकसाने का काम किया था। इस पर गोलवलकर गुरुजी ने कहा कि वह हिंदू हैं। ऐसे में हम अगर वसुधैव कुटुंबकम की दिशा में अगर काम कर रहे हैं तो उनके लिए दरवाजे बंद नहीं कर सकते। दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि यहां तक कि जिन लोगों ने मजबूरी में गोमांस खाया है, हम उन्हें इस वजह से छोड़ नहीं सकते। हम उनके लिए दरवाजे बंद नहीं करा सकते। यहां तक कि उनकी हम अभी भी घर वापसी करा सकते हैं।

संघ राष्ट्रवादी है
होसबोले ने कहा कि संघ न तो दक्षिणपंथी है और न ही वामपंथी है, बल्कि वह राष्ट्रवादी है। उन्होंने कहा कि लोग अपने मत एवं संप्रदाय का पालन करते हुए संघ के कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘संघ कठोर नहीं है, बल्कि लचीला है।'' उन्होंने कहा कि संघ को समझने के लिए दिमाग नहीं दिल चाहिए। उन्होंने अगली पीढ़ी के कल्याण के लिए पर्यावरण की रक्षा करने पर बल दिया। होसबाले ने कहा कि देश में लोकतंत्र की स्थापना में आरएसएस की अहम भूमिका रही है। इस कार्यक्रम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष डॉ. महेश चन्द्र शर्मा, अशोक परनामी और प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया भी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News