इस बार गर्मी तोड़ेगी सारे रिकॉर्ड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Thursday, Mar 01, 2018 - 01:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर-पश्चिमी राज्यों को आने वाले समय में गर्मी का प्रकोप और झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार देश भर में तापमान काफी ज्यादा रहने की संभावना है लेकिन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में औसत तापमान समान्य से 1.5 डिग्री से भी ज्यादा रह सकता है। जिसका नुकसान किसानों की फसल व लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। 

मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने बताया कि अगले तीन महीनों में उत्तर भारत मेें भीषण गर्मी पड़ने वाली है। औसत तापमान में सबसे ज्यादा वृद्धि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। यहां पर औसत तापमान में समान्य से 2.3 डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी। इस बार गर्मी के जल्दी दस्तक देने की वजह से लू चलना भी जल्दी शुरू हो जाएगी। 

विभाग के अनुसार लू की वजह से स्थिति काफी खराब हो सकती है। फसल तैयार होने के समय तापमान बढ़ने की वजह से इसको नुकसान पहुंच सकता है। उत्पादन पर भी इसका असर पड़ सकता हे। मुंबई में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को मुंबई में अधिकतम पारा 37.4 डिग्री तक पहुंच गया था जोकि सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है। लगातार तीसरे दिन मुंबई में लू के आसार बने हुए हैं माना जा रहा है कि इसी वजह से मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है।
 

Advertising