यह चाय वाला कर्मचारियों को गिफ्ट में देता है सोने की अंगूठी, करवाता है 5 स्‍टार होटल में लंच

Saturday, Aug 05, 2017 - 03:57 PM (IST)

नई दिल्लीः एक मालिक अपने कर्मचारियों को गिफ्ट में सोने की अंगूठी देता है और पांच सितारा हॉटल में खाना भी खिलाता है। सुनकर आपको थोड़ा अजीब लगेगा लेकिन यह सच है। शिकागो टी स्टॉल का मालिक अपने कर्मचारियों के लिए यह सब कुछ करता है। अब आप कहेंगे शिकागो में कुछ भी असंभव नहीं लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि मामला शिकागो का नहीं बल्कि चेन्नई का है। केरल से तमिलनाडू आकर बसने वाले सुकमारन ने यहां एक टी स्टॉल चलाते हैं जिसका नाम उन्होंने शिकागो टी स्टॉल रखा है।

सुकमारन अपने कर्मचारियों को अच्छी सैलरी तो देते हैं, साथ ही उन्हें सोने की अंगूठी, बोनस और कपड़े खरीदने के लिए अलग से पैसे देते हैं और कभी-कभी कर्मचारियों को पांच सितारा होटल में लंच के लिए भी ले जाते हैं। सुकमारन 33 साल पहले केरल से तमिलनाडू नौकरी की तलाश में आए थे। यहां पर उन्होंने कई टी स्टॉल पर काम किया लेकिन एक टी स्टॉल पर काम करने के दौरान उनका अपने मालिक से झगड़ा हो गया था और इसके बाद उन्होंने अपना खुद का टी स्टॉल खोलने का फैसला किया।

इसलिए रखा शिकागो टी स्टॉल नाम
उन्होंने अपने स्टॉल का नाम शिकागो के इसलिए रखा क्योंकि 1864 में शिकागो में श्रमिक आंदोलन हुआ था जिसमें कर्मचारियों से 8 घंटे से ज्यादा काम न कराने की बात उठाई गई थी, इसलिए उस आंदोलन से प्रेरित होकर यह नाम रखा। कई लोग 10 सालों से सुकमारन की दुकान की ही चाय पी रहे है।

सुकमारन प्रति दिन अपने हेड कुक को 740 रुपए, चाय बनाने वाले को 540 और अन्य कर्मचारियों को 400-400 रुपए देते हैं। इस दुकान को खोलने से पहले सुकमारन ने फैसला किया था कि वे अपने कर्मचारियों का कभी भी शोषण नहीं करेंगे और उन्हें हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराएंगे। वे हर साल अपने सभी कर्मचारियों को 5 मई को लैबर डे के मौके पर पांच सितारा हॉटल में लंच कराते है।

Advertising