योगी से एक कदम आगे शिवराज, रेप के दोषियों के लिए उठाएंगे यह कदम

Saturday, Apr 01, 2017 - 01:02 PM (IST)

नई दिल्ली: यूपी में नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एंटी रोमियो स्कवैड चलाए जाने के ठीक एक हफ्ते बाद मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी मनचलों पर इसी प्रकार की कार्रवाई की घोषणा की है। शिवराज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार रेप के दोषियों को फांसी देने का कानून भी लाएगी। सीएम लगातार शराब के खिलाफ बोलते आए हैं और नर्मदा के आसपास खुली शराब की दुकानों को बंद करने की बात उठा चुके हैं। ऐसे में अब यौन अपराध करने वालों कड़ी सजा देने की बात कहकर वह राज्य की महिलाओं की नजर में और अच्छी छवि बना लेंगे।

रोमियो के खिलाफ भी चलाएंगे अभियान
मध्य प्रदेश रेप के मामले में सबसे ऊपर है। वर्ष 2015 में यहां 4391 रेप केस दर्ज कराए गए थे। एक पासिंग आउट परेड में उन्होंने कहा कि हम इस मानसून सत्र में विधानसभा में बिल पेश करेंगे। अगर यह पारित हो जाता है तो इसे लागू करने के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वो राज्य में रोमियों के खिलाफ भी एक अभियान चलाएंगे। शिवराज सिंह ने कहा कि विकास के लिए जरूरी है कि राज्य में अच्छी कानून व्यवस्था हो, जोकि पुलिस की जिम्मेदारी है।

अधिकारियों ने बताया कि बलात्कारियों को फांसी देने का कानून लाने के लिए भारतीय दंड संहिता में संशोधन की जरूरत पड़ेगी और अकेले राज्य सरकार ऐसा नहीं कर सकती। हालांकि महिलाओं के खिलाफ होने कई अत्याचारों पर कानून को सख्त बनाया जा सकता है।

Advertising