मोदी को चुनौती देगा ये शख्स, खुद को बताया 2019 का PM

Wednesday, Aug 02, 2017 - 12:32 PM (IST)

नई दिल्लीः भाजपा अभी से 2019 के मिशन में जुटी हुई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को इस बार जिम्मेदारी सौंपी गई है। जहां दो दिन पहले गठबंधन के बाद बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 2019 के लिए पीएम मोदी को अजेय बताया है वहीं नोएडा के युवक का दावा है कि वह आगामी लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी के खिलाफ एक तगड़ा दावेदार होगा। 36 के विनोद पवार का कहना है कि वह ही 2019 में पीएम के प्रबल उम्मीदवार है और वह पीएम मोदी को कड़ी चुनौती दे सकता है।

विनोद ने कहा कि एक ज्योतिषी ने यह भविष्यवाणी की है कि वह 2019 में पीएम पद का तगड़ा दावेदार होगा। इसके लिए पवार ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उसने पीएम मोदी की प्रतिद्वंद्विता में अपने कुछ पोस्टर भी तैयार किए हैं। विनोद नोएडा के सेक्टर 50 में एक कोचिंग सेंटर चलाता है। एक न्यूज चैनल से बातचीत में उसने कहा कि देश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ऐसे कई मुद्दे हैं जिनके समाधान जरूरी है। इसलिए मैं देश में आर्थिक विकास और अन्य सुधारों के लिए प्रधानमंत्री बनना चाहता हूं।'

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब विनोद राजनीति में आ रहे हैं इससे पहले जनवरी 2017 में  उसने नोएडा विधानसभा से विधायक के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के दौरान पवार ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपना दोस्त बताया था। इसके अलावा उन्होंने अपने प्रस्तावकों के रूप में महात्मा गांधी समेत स्वामी विवेकानंद, मार्टिन लूथर किंग जूनियर, आंबेडकर, एपीजे अब्दुल कलाम, नेल्सन मंडेला, सुभाष चंद्र बोस, गौतम बुद्ध, अब्राहम लिंकन और अन्य का नाम दिया था। नियम के मुताबिक किसी निर्दलीय उम्मीदवार को अपने शपथपत्र पर 10 प्रस्तावकों का हस्ताक्षर देना होता है। प्रस्तावक उसी विधानसभा के वोटर भी होने चाहिए। हालांकि विनोद चुनाव नहीं लड़ पाए थे। चुनाव आयोग ने पर्याप्त जानकारी नहीं देने की वजह से उनका नामांकन खारिज कर दिया था।

Advertising