100 करोड़ की संपत्ति त्याग संत बनेंगे यह पति-पत्नी

Thursday, Sep 14, 2017 - 08:18 PM (IST)

चित्तौडग़ढ़: एक दंपत्ति अपनी करोड़ों की प्रॉपर्टी छोड़कर संत बनने जा रहे हैं इनके इस फैसले से लोगों को भी धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी। इन दोनों ने संत बनने का ऐसे समय में फैसला लिया है जब उनके परिवार के पास 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति और लाखों की मासिक आय है। 34 वर्षीय सुमित राठौड़ ने लंदन में बिजनेस की पढ़ाई की जिसके बाद भारत आकर उन्होंने इंजीनियर अनामिका से शादी की। दोनों के पास एक 3 साल की बेटी भी है। परिवार के लाख मना करने और समझाने के बाद भी ये अपने फैसले पर अडिग हैं।

23 सितंबर को लेंगे दीक्षा 
सूत्रों के अनुसार दोनों के परिवार की लगभग 100 करोड़ से ज्यादा की सम्पत्ति है लेकिन ऐशो आराम की जिंदगी बिताने की जगह दोनों ने संत बनने का फैसला ले लिया। सुमित और अनामिका का कहना है कि उन्हें आत्मकल्याण का बोध हो गया जब उनकी बेटी आठ महीने की हुई तभी से ब्रह्मचर्य का पालन किया। बच्ची का हवाला देने पर वे बोले, यह बच्ची ही तो पुण्यशाली है, तभी तो इसके गर्भ में आते ही हमारे भीतर आत्म कल्याण का बोध हो गया। दोनों 23 सितंबर को सूरत में जैन भगवती दीक्षा लेंगे।

सुमित दो साल लंदन में जॉब करने के बाद दादा नाहरसिंह राठौर के कहने पर नीमच आ गए, जहां उनकी करीब 10 करोड़ की फैक्ट्री है और लगभग 100 लोग काम करते हैं। वहीं अनामिका आठवीं बोर्ड में जिले की पहली गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। सुमित-अनामिका की वेल्थ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनके दादा नाहरसिंह का नीमच कैंट में 1.25 लाख वर्गफीट में अंग्रेजों का बनाया हुआ बड़ा कॉमर्शियल कैंपस है। नीमच सिटी में रहने के लिए बंगला अलग से है।

Advertising