ये सिविल इंजीनियर 1 रुपए में सिखाते हैं गिटार, फुटपाथ पर लगती है क्लास

Thursday, Oct 25, 2018 - 03:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  जहां आज के समय में लोग पैसे के लिए एक-दूसरे के दुश्मन बन जाते हैं तो वहीं एक शख्स ऐसा भी है जो बिना किसी स्वार्थ के लोगों को कला की शिक्षा दे रहा है। हम बात कर रहे हैं 55 साल के एसवी राव की जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, लेकिन आजकल वह दिल्ली के आंध्र भवन के सामने एक रुपए में लोगों को संगीत सिखा रहे हैं। 

एसबी को लोग गिटार राव के नाम से भी बुलाते हैं। गिटार राव ने कई साल तक एक प्राइवेट कंपनी में सिविल इंजीनियर के रूप में काम किया। इस दौरान वह कर्ज में डूब गए, जिस कारण वह नौकरी छोड़ कर तिरुपति चले गए। वहां उन्होंने संगीत सीखना शुरू कर दिया। संगीत उनका तनाव कम करने में कामयाब रहा। इसके बाद उन्होंने तय किया कि वो लोगों को संगीत सिखाएंगे। 


एसवी राव दिल्ली के आंध्र भवन के बाहर फुटपाथ पर हर दिन बच्चों को गिटार सिखाते दिख जाते हैं। बच्चों के अलावा इंजीनियरिंग के छात्र और पुलिसकर्मी भी उनसे गिटार सीखने आते हैं। राव के अनुसार, वे अब तक 1000 से ज्यादा लोगों को गिटार सिखा चुके हैं। गिटार के अलावा वह बांसुरी, की-बोर्ड और वॉयलिन भी बजाते हैं। राव का सपना है कि वे पीएम को स्वच्छ भारत अभियान की तर्ज पर संगीत भारत कैंपेन चलाने के लिए राजी करें। 
 

vasudha

Advertising