गजब: हमशक्ल ही नहीं हैं ये बहनें, CBSE 12वीं में मार्क्स भी आए 'जुड़वां'...हर कोई हैरान

Thursday, Jul 16, 2020 - 12:21 PM (IST)

नेशनल डेस्कः ग्रेटर नोएडा की मानसी और मान्या जुड़वां बहनें हैं, दोनों की शक्ल भी एक-दूसरे से काफी मिलती-जुलती है। लेकिन जो सबसे बड़ी बात है वो यह कि दोनों के CBSE की 12वीं के रिजल्ट में नंबर भी एक जैसे आए हैं। इससे भी ज्यादा मजे की बात है कि दोनों को हर सब्जेक्ट में नंबर भी समान मिले हैं। मानसी और मान्या ने CBSE 12वीं में 95.8 फीसदी अंक हासिल किए हैं। दोनों ने सभी सब्जेक्ट में भी समान अंक हासिल किए हैं। दोनों ही इंजीनियरिंग करना चाहती हैं और JEE परीक्षा में बैठने का इंतजार कर रही हैं। कोरोना वायरस के कारण यह परीक्षा सितंबर तक के लिए टल गई है। 

यकीन नहीं कि एक जैसे नंबर आएंगे
समान आदतों वाली दोनों बहनों ने कहा कि इन परीक्षाओं में बेहतर करने के बारे में वे आश्वस्त थीं लेकिन उन्होंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी दोनों को एक जैसे अंक मिलेंगे। मानसी ने कहा कि हम दोनों बहनों की शक्ल काफी मिलती-जुलती है। हमारे नाम ही सिर्फ हमें अलग बनाते हैं पर नंबर बी एक जैसे आएंगे ऐसा कभी नहीं सोचा था। वहीं मान्या ने कहा कि दो साल पहले मैने पढ़ा था कि समान दिखने वाली जुड़वां बहनों ने समान अंक प्राप्त किए थे । तब मैने यह सोचा कि इसमें बहुत हद तक संयोग है। अब भी विश्वास नहीं होता कि हमने एकदम बराबर अंक हासिल किए हैं।

मान्या ने बताया कि हम दोनों में हमेशा होड़ रहती है कि कौन ज्यादा अच्छा करेगा और इससे पहले हमें कभी एक समान अंक नहीं मिले। ग्रेटर नोयेडा के आस्टर पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली इन दोनों बहनों को अंग्रेजी एवं कम्प्यूटर साइंस में 98-98 जबकि भौतिकी, रसायन एवं शारीरिक शिक्षा में 95-95 मार्क्स मिले हैं। दोनों के जन्म के बीच केवल 9 मिनट का अंतर है और दोनों तरह-तरह के खानों और बैडमिंटन की शौकीन हैं।

Seema Sharma

Advertising