High Speed Internet : भारत के इन 3 शहरों में चलता है सबसे तेज इंटरनेट, रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 08:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आज के डिजिटल दौर में तेज इंटरनेट हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है। ऑनलाइन क्लास, वर्क फ्रॉम होम से लेकर एंटरटेनमेंट तक, हर काम हाई-स्पीड इंटरनेट पर निर्भर है। इसी बीच एक हालिया रिपोर्ट ने देश के उन शहरों का खुलासा किया है, जहां इंटरनेट स्पीड सबसे तेज है।

चेन्नई बना देश का नंबर-1 शहर

स्पीड टेस्टिंग एजेंसी Ookla की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई भारत में सबसे तेज मोबाइल इंटरनेट स्पीड वाला शहर बनकर उभरा है। यहां औसतन करीब 51 Mbps की स्पीड दर्ज की गई है, जो देश में सबसे अधिक है। मजबूत नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से फैलती 5G सेवाओं ने चेन्नई को इस सूची में शीर्ष पर पहुंचाया है।

बेंगलुरु और हैदराबाद भी दौड़ में आगे

इस सूची में दूसरा स्थान बेंगलुरु का है, जहां औसतन 42.50 Mbps की स्पीड मिलती है। आईटी हब होने के कारण यहां डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर काफी मजबूत है, जिससे यूजर्स को तेज और स्थिर कनेक्टिविटी मिलती है। वहीं, हैदराबाद तीसरे स्थान पर है। यहां लगभग 41.68 Mbps की औसत इंटरनेट स्पीड दर्ज की गई है। शहर में तेजी से बढ़ती टेक कंपनियों और बेहतर नेटवर्क कवरेज का इसमें बड़ा योगदान है।

दिल्ली-मुंबई में भी तेजी से सुधार

हालांकि टॉप-3 में शामिल नहीं होने के बावजूद नई दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में भी इंटरनेट स्पीड तेजी से बेहतर हो रही है। दिल्ली में औसतन करीब 32 Mbps की स्पीड मिल रही है और 5G नेटवर्क के विस्तार के साथ इसमें लगातार सुधार देखा जा रहा है।

5G और फाइबर नेटवर्क से बदली तस्वीर

भारत में इंटरनेट स्पीड में इस तेजी के पीछे कई अहम कारण हैं। सबसे बड़ा कारण 5G तकनीक का तेजी से विस्तार है, जिसने मोबाइल इंटरनेट को पहले से कहीं ज्यादा तेज बना दिया है। इसके अलावा फाइबर नेटवर्क का बढ़ता दायरा, टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग भी इस बदलाव को गति दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News