Weather Forecast: दिल्ली-राजस्थान समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, पहाड़ी इलाकों में IMD का अलर्ट

Friday, Jul 29, 2022 - 12:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर भारत में अगले तीन दिन में बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।''

 

मौसम विज्ञान विभाग ने पहले कहा था कि ‘मानसून ट्रफ' (कम दबाव के क्षेत्र) के ‘‘धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ना जारी'' रहने की संभावना है और इस कारण बुधवार से उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 

 

यहां-यहां बरसेंगे बदरा

हिमाचल, पंजाब, उत्तरी हरियाणा में 29 जुलाई को और उत्तराखंड में 31 जुलाई तक कहीं-कहीं पर बहुत तेज बारिश होगी। IMD का कहना है कि अगले 3-4 दिनों तक मध्य, पश्चिम, पूर्वी और दक्षिण भारत में गरज के साथ मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही झारखंड में और बिहार में भी बारिश के आसार हैं। 

 

पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा

जम्मू में भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है, इन हालात के बीच अधिकारियों ने एक सरकारी स्कूल में फंसे छात्रों तथा शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। खबरों के अनुसार, जम्मू, कठुआ, पुंछ, राजौरी, उधमपुर और रियासी जिलों में बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण दर्जनों घरों और संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है। कश्मीर में भी बारिश हो रही है। गुरुवार को भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई थी।

 

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही बारिश से बृहस्पतिवार को भूस्खलन के कारण गंगोत्री राजमार्ग के साथ ही कई अन्य मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। बुधवार शाम कई क्षेत्रों में शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण अनेक स्थानों पर भूस्खलन हुआ। 

Seema Sharma

Advertising