कांग्रेस से गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं, अब हो गई है देर: AAP

Monday, Mar 18, 2019 - 06:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिये दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज कर दिया है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने बहुत देर कर दी, अब गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। 


कांग्रेस नहीं है गंभीर 
आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली की सभी सात सीटों के लिये पार्टी के उम्मीदवार घोषित होने के बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन की अब कोई संभावना नहीं है। पार्टी अपने उम्मीदवारों को वापस नहीं लेगी, इसलिये गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि अब हम इस निष्कर्ष पर पहुंच गये हैं कि कांग्रेस दिल्ली को लेकर गंभीर नहीं है। क्योंकि जिस राज्य में कांग्रेस गंभीर है वहां उनके प्रयास जारी हैं। इसीलिये रविवार को हमने अपना सातवां उम्मीदवार घोषित कर दिया। 

आप ने घोषित कर दिए उम्मीदवार 
उल्लेखनीय है कि छह सीटों के लिये आप के उम्मीदवार पहले ही घोषित किये जा चुके हैं। कांग्रेस की तरफ से अब बातचीत की कोई पहल किये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब कोई गुंजाइश नहीं है। दिल्ली की सभी सात सीटों के लिये 12 मई को छठवें चरण में मतदात होगा।      

शीला दीक्षित ने किया गठबंधन से इंकार 
कांग्रेस में आप के साथ गठबंधन को लेकर आम राय कायम नहीं हो पाने के कारण पार्टी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित गठबंधन के लिये दो टूक मना कर चुकी हैं वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन सहित अन्य नेता गठबंधन की वकालत करते हुये इस मामले में कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कराये जाने की बात कह रहे हैं।  

vasudha

Advertising