कठुआ पुलिस को चोरों की चुनौती, थाना से तीन सौ मीटर दूर दो दुकानों को बनाया निशाना

Saturday, Aug 24, 2019 - 10:26 PM (IST)

कठुआ (गुरप्रीत) : जम्मू कश्मीर मेें बने हालातों के चलते सुरक्षाबलों को पूरी तरह से अलर्ट में रखा गया है। गत रात को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व के चलते मंदिरों में पूजा अर्चनाओं के साथ साथ आवाजाही भी थी। परंतु बावजूद इसके चोरों ने पुलिस की सुरक्षा प्रणाली को धत्ता बताते हुए शहर के मुख्य मार्ग से सटी दो दुकानों के शट्टर तोड़ वारदात को अंजाम दिया। कठुआ के पुलिस थाना से मात्र तीन सौ मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात से दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता जाग गई है।

चोरों ने गुप्ता मेडिकल स्टोर और कंचन मेडिकल स्टोर के शट्टर के लाक तोडऩे के बाद भीतर से एक मोबाइल करीब पांच हजार की नकदी सहित अन्य सामान पर हाथ साफ किया है। गुप्ता मेडिकल स्टोर से एक महंगा एंडराएड मोबाइल और करीब तीन हजार की नकदी, कंचन मेडिकल स्टोर से तीन हजार के नकदी सहित अन्य कुछ सामान पर अपना हाथ साफ किया है। सुबह दुकानदार जब दुकानों को खोलने के लिए आए तो शट्टर के मुख्य लाक को टूटा हुआ देख उन्हें चोरी का आभास हुआ। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। यही नहीं आसपास के कुछ दुकानों में लगे सी.सी.टी.वी. को भी पुलिस खंगाल रही है। 


आपको बता दें कि इससे पहले भी चोर कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। चोरों ने ड्रीम लैंड मार्ग पर दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने उड़ाए थे। पारलीवंड इलाके में, कोर्ट मार्ग पर भी चोर कई दुकानों को निशाना बना चुके हैं। इन तमाम चोरियों की गुत्थियां सुलझने के बजाय अभी तक अनसुलझी ही हैं। 
 
 

Monika Jamwal

Advertising