कब्र से निकाली गई नाबालिग की लाश... अब वीडियोग्राफी के बीच होगा पोस्टमार्टम, रिपोर्ट से खुलेगा राज
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 06:39 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक नाबालिग लड़की की मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। दफनाए गए शव को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
मां की शिकायत के बाद एक्शन, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
यह कार्रवाई पीड़िता की मां की शिकायत के बाद की गई, जिसने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। मां ने एसपी पलाश बंसल से मिलकर न्याय की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने जिलाधिकारी की अनुमति लेकर मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया। इस दौरान गांव में किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
संदिग्ध हालात में घर में मिला था शव, बिना पोस्टमार्टम दफनाया गया
मामला गिरवां थाना क्षेत्र का है, जहां 2-3 अप्रैल की रात नाबालिग का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस समय परिजनों ने गांव वालों के कहने पर बिना पोस्टमार्टम कराए रातों-रात शव को दफन कर दिया था। कुछ दिन तक मामला शांत रहा, लेकिन 10 अप्रैल को मां ने अचानक पुलिस से शिकायत कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
आरोप-प्रत्यारोप: दुष्कर्म और हत्या बनाम प्रेम प्रसंग
मां का आरोप है कि गांव का एक किशोर उसकी बेटी को परेशान करता था और धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। महिला का दावा है कि उसी युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी। वहीं, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि लड़की का उसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया गया था, जिसके बाद विवाद हुआ और उसी रात लड़की ने आत्महत्या कर ली।
हत्या, आत्महत्या या ऑनर किलिंग? हर एंगल से जांच
पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हत्या, आत्महत्या और ऑनर किलिंग- तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। डीएसपी कृष्णकांत त्रिपाठी के अनुसार, महिला की नई शिकायत के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच टीम की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और सभी तथ्यों की गहराई से जांच करने में जुटी है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
