कई राज्यों में Alert, अगले दो 2 दिन तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

Saturday, Jun 01, 2019 - 04:00 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी वासियों को तपिश और लू से निजात मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में लू का चलना और उच्चतर तापमान बना रहेगा। दिल्ली में मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड होने के एक दिन बाद शनिवार को तापमान में कुछ गिरावाट दर्ज की गई। शहर में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 

 

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह में आर्द्रता का स्तर 48 फीसदी था। मौसम विभाग के अधिकारी ने दिन में और अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में शुक्रवार को 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जो मौसम का सबसे गर्म दिन था। 


2 जून तक कई राज्यों में लू का Alert
देश के कई हिस्सों में शुक्रवार को लू का और प्रकोप बढ़ा। जम्मू कश्मीर, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं, श्रीगंगानगर में पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान (44.8 डिग्री सेल्सियस) दर्ज करते हुये भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को उच्चतम ‘लाल रंग' की चेतावनी जारी की है। 

जुलाई में मानसून सामान्य से कम रहने की संभावना
आईएमडी ने बताया कि मानसून के इस बार उत्तर और दक्षिण भारत में सामान्य से कम रहने की संभावना है। विभाग ने कहा कि आमतौर पर माना जाता है कि अल-निनो मानसून पर अपना असर डालती है, जिसका असर बारिश के मौसम में जारी रहेगा। जुलाई में मानसून सामान्य से कम रहने की संभावना है जबकि अगस्त में यह सामान्य रहेगा। मानसून के केरल तट के छह जून को पहुंचने की उम्मीद है। जबकि सामान्य तौर पर मानसून एक जून को यहां पहुंचता है। सामान्य से कम मानसून होने की दशा में गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सूखे जैसे हालात बन सकते हैं।

Yaspal

Advertising