राष्ट्रगान के बाद अब 'वंदे मातरम' को लेकर SC उठाएगा कदम!

Friday, Feb 17, 2017 - 01:54 PM (IST)

नई दिल्ली : राष्ट्रगान के बाद अब राष्ट्रगीत पर भी नई बहस छिड़ सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने ‘वंदे मातरम’ गीत को स्कूली सिलेबस का हिस्सा बनाने पर केंद्र सरकार की राय मांगी है। अदालत ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान सरकार को नोटिस जारी किया। याचिका भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय की ओर से दायर की गई है। उपाध्याय चाहते हैं कि अदालत राष्ट्रगीत को स्कूलों के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए ताकि बच्चे राष्ट्रीयता के जज्बात के साथ बड़े हों। याचिका में कहा गया है कि वंदे मातरम को भी राष्ट्रगान जितना ही सम्मान मिलना चाहिए। लेकिन कोई साफ नीति न होने के चलते ऐसा नहीं हो रहा है।

राष्ट्रगान पर हुआ था विवाद
पिछले साल नवंबर में सुप्रीम कोर्ट ने सिनेमाघरों में राष्ट्रगान के दौरान खड़े होने को अनिवार्य बना दिया था। आलोचकों ने इसे ‘पॉपकॉर्न राष्ट्रवाद’ कहा था। हालांकि बाद में सर्वोच्च अदालत ने साफ किया था कि अगर राष्ट्रगान फिल्म के हिस्से के तौर पर बजता है तो नागरिकों को खड़े होने की जरुरत नहीं है। 
 

Advertising