भारत में थम रही कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार, आज से कुछ राज्यों में शुरू हुई अनलॉक की प्रक्रिया

Monday, Jun 14, 2021 - 12:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कोविड-19 की दूसरी लहर का प्रकोप देशभर में दिन-प्रतिदिन कम हो रहा है। 74 दिनों के बाद संक्रमितों की संख्या में सबसे कम मामले देखे गए हैं। सोमवार को एक दिन में कोविड-19 के 70,421 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा इलाज करवा रहे मरीजो की संख्या भी करीब दो महीने के बाद 10 लाख से कम हो गई है। इसी बात पर ध्यान देते हुए राज्यों ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए सख्त प्रतिबंधों में अब ढील देनी शुरू कर दी है।

दिल्ली: सोमवार से दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन प्रतिबंधों में और ढील दे दी है। अब मॉल, बाजार और रेस्तरां फिर से खुल सकेंगे। फिलहाल स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद ही रखा गया है।

महाराष्ट्र: यहां पांच लेवल में अनलॉक की प्रक्रिया को बांटा गया है। सोमवार से लेवल-2 के अंतर्गत रखे गए जिलों में  कोरोना के सख्त प्रतिबंधों में ढील दी गई है। लेवल-2 के अंतर्गत 50 फीसदी क्षमता के साथ अब रेस्तरां, शॉपिंग मॉल और सिनेमाघर खुल सकेंगे।

कर्नाटक: 14 जून की सुबह 6 बजे से 21 जून की सुबह 6 बजे तक क्रमबध तरीके से गतिविधियों को शुरू करने की बीएस येदियुरप्पा सरकार द्वारा अनुमति दी गई है। इसके अलावा सामान की होम डिलीवरी और ई-कॉमर्स कंपनियों के संचालन की अनुमति भी दी गई है। स्ट्रीट वेंडर, राशन की दुकानें, स्टैंडअलोन शराब की दुकानें सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी।

Hitesh

Advertising