उत्तर भारत की तरफ बढ़ा मानसून, अगले 72 घंटे में दिल्ली में बारिश की संभावना

Wednesday, Jul 03, 2019 - 01:08 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार की सुबह काफी गर्म और उमस भरी रही। सुबह न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। आर्द्रता का स्तर 66 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज शाम के समय हल्की बारिश की संभावना के साथ दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को देश के उत्तरी एवं मध्य हिस्सों की तरफ बढ़ा जिसके चलते राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश हुई।

वहीं राजधानी को किसी भी तरह की राहत नहीं मिली जो गर्मी की तपिश लगातार झेल रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा है कि ये स्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के अनुकूल हैं और अगले कुछ दिनों में दिल्ली में अच्छी बारिश की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि नमी युक्त पूर्वा हवाओं की वजह से राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में थोड़ी-सी गिरावट आई है। इससे अगले 72 घंटों में मानसून के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हैं।

मानसून पर अपडेट्स

  • मौसम विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों की तरफ बढ़ गया है।
  • मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान में प्रवेश कर चुका है और अगले कुछ दिनों में राज्य के अन्य हिस्सों में पहुंचेगा।
  • मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच गया और वह अगले एक-दो दिन में पहाड़ी राज्य के अन्य हिस्सों में पहुंचेगा। पूरे राज्य में 4 जुलाई से 8 जुलाई तक बड़े पैमाने पर बारिश होगी। पिछले 24 घंटों में राज्य के दूर-दराज इलाकों में बारिश हुई। राज्य में अधिकतम तापमान उना में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा जहां चंडीगढ़ में अधिकतम 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था।
  • मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के दूर-दराज इलाकों में गुररुवार तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
  • ओडिशा में बुधवार तक और बारिश हो सकती है। मछुआरों से बुधवार तक समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है।

    बता दें कि महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मुंबई में भारी बारिश के चलते अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार से मुंबई में हो रही भारी बारिश से रेल, हवाई एवं सड़क यातायात पटरी पर से उतर गया और कई ट्रेनों एवं उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

Seema Sharma

Advertising