10 के सिक्के लेने से किया मना, कर दी पुलिस कम्पलेंट

Monday, Nov 21, 2016 - 11:29 PM (IST)

चंडीगढ़, (संदीप) : पैट्रोल पंप कर्मी ने आटो चालक से गैस डलवाने के ऐवज में 10-10 के सिक्के लेने से मना किया तो उसने इसकी शिकायत पुलिस को कर दी। मामला पुलिस तक जाने पर कर्मी ने 10-10 के सिक्के लेकर आटो में गैसे डालने का आश्वान दिया तो दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

आटो चालक राजकुमार ने पुलिस को बताया की वह अपने आटो में एल.पी.जी. गैस डलवाने के लिए सुबह सैक्टर 21 स्थित कपूर सर्विस स्टेशन पर गया था। ऑटो में 470 रुपए की गैस भरवा वह पेमैंट करने लगा तो सर्विस स्टेशन के कर्मचारी ने 10-10 के 170 सिक्के लेने से मना कर दिया।

ऑटो चालक ने इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही सैक्टर-19 थाने से जांच अधिकारी केहर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ऑटो चालक राजकुमार के बयान दर्ज किए। इसके बाद सर्विस सैंटर के मैनेजर ने पुलिस को कहा कि कर्मचारी ने मजाक मे 10-10 के सिक्के लेने से इंकार किया था। सैक्टर-19 थाना पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के बीच डी.डी.आर. दर्ज कर ली, जहां बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया।

Advertising