AAP सरकार ‘गायब’, ढूंढने के लिए भाजपा चलाएगी तलाशी अभियान

Tuesday, Jan 24, 2017 - 12:46 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली में आजकल सरकार गायब है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में ‘झलक दिखला जा’ की तर्ज पर दिल्ली आते हैं, क्योंकि पंजाब और गोवा में वो आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब में चुनाव जीतने के लिए पूरी जोर आजमाईश कर रही है और गोवा में भी पार्टी की उम्मीदें परवान पर हैं, ऐसे में पार्टी ने इन दोनों चुनावी राज्यों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जाहिर है दिल्ली में इस वक्त न तो मुख्यमंत्री हैं और न ही मंत्री। ऐसे में विपक्ष सवाल उठा रहा है कि दिल्ली में जब सरकार ही गैरहाजिर है, तो फिर कामकाज कैसे होगा।
 

दिल्ली की जनता तलाश रही केजरीवाल को
भाजपा ने तो केजरीवाल और उनके मंत्रियों के लिए तलाशी अभियान भी चलाने का ऐलान कर दिया है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी के मुताबिक दिल्ली की जनता भारी बहुमत के साथ केजरीवाल को जिताने के बाद से ही उन्हें तलाश रही है। इसीलिए भाजपा अब केजरीवाल को ढूंढने के लिए निकलेगी। उन्हें पंजाब भी जाकर तलाशेगी, जहां के वो अब सीएम बनने के सपने देख रहे हैं और उन्हें याद दिलाएगी कि दिल्ली की जनता ने उन्हें चुना था।

नदारद आप नेताओं का नई दुल्हन की तरह स्वागत करेगी कांग्रेस
दिल्ली सरकार के नदारद मंत्री और विधायकों के गोवा और पंजाब चुनाव में व्यस्त होने पर कांग्रेस ने केजरीवाल सरकार को घेरा। दिल्ली कांग्रेस ने यह तय किया है कि जब ‘आप’ के सारे नेता 2 फरवरी को चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद लौटेंगे तो इनका स्वागत कांग्रेस के ब्लॉक और डिस्ट्रिक लेवल के प्रेसिडेंट किसी नई दुल्हन की तरह करेंग। माकन ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सचिवालय के गेट पर सरसों के तेल से भरे कलश के साथ ‘आप’ के नदारद रहे नेताओं का स्वागत करते हुए उनसे कहेंगे कि अब यहीं रहो।


 

Advertising