भाजपा के राज में देश की कानून व्यवस्था चौपट : माकपा

Tuesday, Jul 03, 2018 - 05:21 PM (IST)

नई दिल्ली: माकपा ने देश के विभिन्न हिस्सों में बाल अपहरण गिरोहों को निशाना बनाने के नाम पर हो रही हिंसा के इजाफे पर चिंता जताते हुए इसे कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है। माकपा पोलित ब्यूरो द्वारा मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि भाजपा शासित केन्द्र और राज्य सरकारें कानून व्यवस्था से जुड़े संवैधानिक मानदंडों का पालन नहीं कर रही हैं।

पार्टी ने भाजपा सरकारों पर समाज में हिंसा और नफरत फैलाने वाली निजी सेनाओं को बढ़ावा देते हुए इन्हें संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। पोलित ब्यूरो ने कहा कि पूरे देश में किसी न किसी रूप में सामाजिक नफरत फैलाने वाली ‘बुद्धिहीन हिंसा’ का दौर जारी है। इससे विभिन्न समुदायों के लोगों में भय व्याप्त है।

पोलित ब्यूरो ने महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में हुई हिंसा का हवाला देते हुए कहा कि समाज के विभिन्न तबकों के बीच अमानवीयता बढ़ाने वाली ताकतों को भाजपा सरकारों का संरक्षण मिल रहा है। पार्टी ने केन्द्र और राज्य सरकारों से हिंसा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जिससे बढ़ती अराजकता पर तत्काल लगाम लगाई जा सके। 

Punjab Kesari

Advertising