The Kashmir Files ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट, डायरेक्टर विवेक ने ट्वीट कर कही यह बात

Tuesday, Jan 10, 2023 - 12:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कश्मीर पंडितों पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) को लेकर  डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने बड़ी खबर शेयर की है। फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने मंगलवार को उन फीचर फिल्म निर्माणों की सूची की घोषणा की जो 95वें अकादमी पुरस्कार के लिए पात्र हैं। 95वें ऑस्कर के लिए कुल 301 फीचर फिल्में पात्र हैं और इनमें से एक फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ भी शॉर्टलिस्ट हुई है।

विवेक अग्निहोत्री ने इसको लेकर ट्वीट किया, #TheKashmirFiles को #Oscars2023 की पहली लिस्ट में शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह भारत की 5 फिल्मों में से एक है। मैं उन सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सिनेमा के लिए एक महान वर्ष। एक अन्य ट्वीट में अग्निहोत्री ने लिखा कि पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और अनुपम खेर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता श्रेणियों के लिए चुने गए हैं। यह तो बस शुरुआत है। आगे एक लंबा सफर है। कृपया उन सभी को आशीर्वाद दें।

हालांकि केवल लिस्ट में शामिल होने से यह गारंटी नहीं है कि फिल्म 24 जनवरी को घोषित होने वाले अकादमी पुरस्कारों के अंतिम नामांकन में भी होंगी। भारत की ओर से आधिकारिक रूप से ऑस्कर भेजी गई पान नलिन की ‘छेलो शो' के अलावा विवेक अग्निहोत्री की ‘द कश्मीर फाइल्स', मराठी फिल्म ‘मी वसंतराव', ‘तुझ्या साठी काही', आर माधवन की ‘रॉकेटरी: द नंबी इफैक्ट', ‘इराविन निझल' और कन्नड़ फिल्म ‘विक्रांत रोना' भी इस सूची में शामिल हैं।

भारतीय फिल्म ‘छेलो शो', ‘RRR', ‘ऑल दैट ब्रीथ्स' और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स' पहले ही चार श्रेणियों के लिए ऑस्कर की ‘शॉर्टलिस्ट' में जगह बना चुकी हैं। यह संभवत: पहली बार है जब भारत ने चार श्रेणियों में ऑस्कर ‘शॉर्टलिस्ट' में जगह बनाई है। इस प्रक्रिया के बाद ही अंतिम नामांकनों की घोषणा की जाती है।

 

Seema Sharma

Advertising