भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लेकर भारतीय प्रतिनिधिमंडल 11 दिवसीय प्रदर्शनी के लिए मंगोलिया पहुंचा

Monday, Jun 13, 2022 - 10:54 PM (IST)

नई दिल्लीः भगवान बुद्ध के चार पवित्र अवशेष 11 दिवसीय प्रदर्शनी के लिए सोमवार को मंगोलिया पहुंचे। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजीजू के नेतृत्व में 25 सदस्यीय शिष्टमंडल इन अवशेषों को लेकर वहां पहुंचा। 

संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उल्लनबातार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगोलिया की संस्कृति मंत्री सी नोमिन, सांसद एवं भारत मंगोलिया मैत्री समूह की अध्यक्ष सरंचिमेग, मंगोलिया के राष्ट्रपति के सलाहकार खांबा नोमुन खान, अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं ने इन पवित्र अवशेषों का औपचारिक धूमधाम के साथ स्वागत किया। 

रिजीजू ने कहा कि इन पवित्र अवशेषों के भारत से मंगोलिया आने पर भारत और मंगोलिया के बीच ऐतिहासिक संबंध और भी सुदृढ़ होंगे। यह भी कहा कि शिष्टमंडल के माध्यम से भारत भगवान बुद्ध के शांति संदेशों को विश्व तक पहुंचा रहा है। 

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि गंदन मठ में बुद्ध की मुख्य प्रतिमा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2015 में मंगोलिया के लोगों को उपहार में दी गई थी तथा इसे 2018 में संस्थापित किया गया था। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि मंगोलिया के लोग भारत के साथ मजबूत संबंध रखते हैं तथा वे भारत को ज्ञान के एक स्रोत के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि मंगोलिया के लोगों के दिल और दिमाग में भारत का एक विशेष स्थान है। 

Pardeep

Advertising