हल्द्वानी:सफेद हाथी साबित हो रहा सिंचाई विभाग का गेस्ट हाउस

Thursday, Jul 06, 2017 - 06:57 PM (IST)

हल्द्वानी : सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस किसी सफेद हाथी से कम नहीं है, जिसके हालात आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया वाले हैं आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 5 सालों में हल्द्वानी स्टेट सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस से 48000 रुपए की आमदनी हुई जबकि इन गेस्ट हाउसों के रख रखाव में 3.30 लाख रुपए का खर्चा आ गया ऐसे में सफेद हाथी साबित होते सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस केवल जनता के पैसे की बर्बादी के सिवाय कुछ नहीं है।

इस गेस्ट हाउस में दो कमरे हमेशा आरक्षित रखे जाते हैं बताया जाता है कि लंबे समय से सत्ताधारी मंत्रियों के लोगों का इन पर कब्जा है। हालांकि सिंचाई विभाग से सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में इसे अपने अधिकारियों के लिए आरक्षित बताया गया है। लेकिन जनता के पैसों की बर्बादी के सवाल पर सिंचाई विभाग का कोई भी अधिकारी किसी भी प्रकार की जानकारी देने को तैयार नहीं।

हालांकि सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय का कहना है की मामले में वह विभागीय जांच कराएंगे साथ ही सिंचाई विभाग की आमदनी इन गेस्ट हाउस में कैसे बढ़े इस पर भी विचार किया जाएगा। उधर आरटीआई से जानकारी मांगने वाले गुरविंदर सिंह चड्डा का कहना है कि 45000 करोड़ के कर्जे वाले इस राज्य में राज्य संपत्ति विभाग और सिंचाई विभाग के जितने भी गेस्ट हाउस हैं उन सभी का यही हाल है जिनमें आमदनी तो नहीं हो पाती पर खर्चा जनता की जेब से जाता है,इसलिए इन्हें बन्द कर देना चाहिए।

Advertising