दूल्हा निकला दहेज का लालची, बैरंग लौटाई बारात

Tuesday, May 08, 2018 - 07:05 PM (IST)

छतरपुर : हाथों पर मेहंदी रचाकर आने वाले दिनों में अपनी नई दुनिया बसाने के सपने देखने वाली इस युवती को क्या पता था कि जिस युवक से उसकी शादी होने वाली है वह दहेज का लोभी होगा। ये वाक्या छतरपुर के लवकुशनगर क्षेत्र के गिरधौरी गांव का है, जहां बारात आने के बाद दहेज के रूप में दूल्हे पक्ष को एक लाख रुपये ना मिलने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने के बाद बारात को वापिस लौटा दिया गया।

गिरधौरी गांव के कुशवाहा परिवार में गत दिवस हरिद्वार से बारात आई थी, खुशियों के बीच दुल्हे पक्ष के लोगों में अचानक दहेज़ का जीन जाग गया और लड़की वालों से दहेज़ के रूप में एक लाख रुपये की मांग कर दी। लड़की वालों ने पैसे देने में असमर्थता जाहिर की तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हो गई और दूल्हा और बारातियों सहित लड़की वाले भिड़ गए। इतना सब होने के बाद दूल्हा बिना शादी किये बारात वापस ले गया।

दहेज मांगने और मारपीट का मामला लवकुशनगर थाने में पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के लोगों में समझौता ना होने पर दूल्हे सत्येंद्र सहित चार लोगों पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

बहरहाल दहेज के लोभियों पर पुलिस ने कार्रवाई तो कर दी लेकिन समाज में बढ़ र​हे इस प्रकार के वाक्यों को रोकने के लिए आम लोगों की सोच कब बदलेगी, इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। 
 

kamal

Advertising