भारत बंदः कांग्रेस का बीजेपी पर निशाना, घबराई सरकार राहुल पर कर रही वार

Monday, Sep 10, 2018 - 10:18 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि विपक्ष के ‘भारत बंद’ की सफलता से घबराई भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमले की साजिश शुरू कर दी है और अब वह कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को बदनाम करने में जुट गयी है।



कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार कहा कि आयकर विभाग ने कांग्रेस नेतृत्व को 2010-11 के लिए एक नोटिस भेजा था जिसमें कहा गया कि नेशनल हेराल्ड से हुई 90 करोड़ रुपए की आय का रिटर्न नहीं भरा गया है। यह नोटिस आठ साल बाद कांग्रेस नेतृत्व को मिला जिसे उच्च न्यायालय में चुनौती दी गयी। न्यायालय ने कांग्रेस नेतृत्व की याचिका को आज खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि याचिका खारिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसको लेकर प्रेस वार्ता की और कांग्रेस नेतृत्व पर हमला किया।



प्रवक्ता ने इस हमले को बदले की भावना करार दिया और कहा कि कांग्रेस के भारत बंद की सफलता से घबरा कर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमले की साजिश की है। प्रवक्ता ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की नेता सोनिया गांधी तथा अन्य को आठ साल बाद आयकर नोटिस भेजने की अवैध कार्रवाई की और इसी वजह से इसे चुनौती दी गयी थी। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य जताया कि 90 हजार करोड़ रुपए के लिए आयकर विभाग ने 350 करोड़ रुपए का नोटिस दिया।

Yaspal

Advertising