जुआरी ने दांव पर लगा दी अपनी ही पत्नी, फिर साथी से करवाया रेप

Friday, Jun 01, 2018 - 01:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास की डोर से बंधा होता है। जिस पर उनका जीवन आधारित होता है। ओडिशा से इस रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक शख्स ने जुए में अपनी पत्नी को ही दाव पर लगा दिया और हार गया। यही नहीं उसने जीतने वाले से अपनी पत्नी का रेप भी करवाया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसे रस्सी से बांधने और बंद करने में भी आरोपी की मदद की। 

जानकारी के अनुसार बालासोर में 35 वर्षीय महिला ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 23 मई को उसके साथ बलात्कार हुआ। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसे बचाने की बजाए आरोपी की मदद की। जब महिला ने अपनी इज्जत बचाने की कोशिश की तो पति ने उसका मुंह बंद कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार पीड़िता के पति को जुए की लत है और इसी वजह से उसने अपनी पत्नी को ही दांव पर लगा दिया जिसके बाद वह उसे हार गया। जानकारी के अनुसार पीड़िता दो बच्चों की मां है।

पुलिस अधिकारी केएस गढ़ी ने बताया कि उन्हें उस वक्त इस घटना की जानकारी मिली जब महिला कुछ ग्रामीणों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंची और लिखित में कहा कि उसका आरोपी के साथ समझौता हो गया है। लिहाजा वह अपनी शिकायत वापस लेना चाहती है। पुलिस ने बताया कि महिला अगले ही दिन अपनी बात से पलट गई और समझौते से इनकार कर दिया। महिला ने इस मामले में दोबारा एफआईआर दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

vasudha

Advertising