जिंदगी की आखिरी तस्वीर! सेल्फी लेते वक्त 3 दोस्तों की डूबने से मौत

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 09:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पुणे जिले के मावल तहसील में शुक्रवार को पिकनिक मनाने बांध के जलाशय में उतरे दोस्तों की खुशी उस वक्त मातम में तब्दील हो गई, जब सेल्फी लेने के दौरान उनमें से तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पश्चिमी महाराष्ट्र जिले के मावल तहसील के नवलख उमब्रे गांव के पास स्थित जाधववाड़ी बांध पर अपराह्न करीब तीन बजे हुई। पुणे जिले के भोसारी से आए छह दोस्तों का एक समूह पिकनिक के लिए बांध के जलाशय में उतरा था।

पुलिस ने मृतकों की पहचान अजय गरुडे, संतोष एडके और अनिकेत पवार के रूप में की है। तलेगांव एमआईडीसी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ''उनके दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार, समूह के चार सदस्य घुटने तक गहरे पानी में खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन किनारे पर खड़ा उनमें से एक फिसलकर गहरे पानी में गिर गया। चूंकि, चारों ने एक-दूसरे के गले में हाथ डाल रखे थे, इसलिए वे एक के बाद एक पानी में गिरते गए और डूबने लगे।''

उन्होंने बताया कि समूह का एक सदस्य, जो कुछ दूरी पर खड़ा था, तुरंत दौड़कर आया और चारों दोस्तों में से एक को पानी से बाहर निकालने में कामयाब रहा। स्थानीय बचाव दल, वन्यजीव रक्षक मावल संस्था और शिवदुर्ग बचाव दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तलाश अभियान चलाया और जलाशय में डूबे तीन लोगों के शव बरामद कर लिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News