मौसम की करवट और मसूरी-नैनीताल जाने के लिए शर्ते, आज इन खबरों पर होगी देश की नजर

Saturday, Jul 10, 2021 - 09:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क: बेपरवाह होकर  सैर सपाटे पर निकल रहे लोगों के लिए मसूरी और नैनीताल के प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अब वहां जाने से पहले सैलानियों को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाने होगी, ऐसा नहीं करने पर उन्हे एंट्री नहीं मिलेगी। इसके अलावा भीषण गर्मी का सामना कर रहे उत्तर भारत को राहत मिलने जा रही है, आज मानसून के दस्तक देने की संभावना है। वहीं आज एक बार फिर आम आदमी को पेट्रोल-डीजल के दामों से झटका लगा है। इसी तरह की बड़ी और दिलचस्प खबरों की जानकारी हम पल- पल आप तक पहुंचाते रहेंगे। 


आज दस्तक देगा मानसून
 भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।  ​पिछले 15 वर्षों के दौरान ऐसा पहली बार है जब दिल्ली में मानसून इतनी देरी से पहुंचेगा। आम तौर पर दिल्ली में मानसून के पहुंचने की तारीख 27 जून तय मानी जाती है।

 

 मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए नियम सख्त
 मसूरी के प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सैलानियों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है। मसूरी में अब बाहरी राज्यों के पर्यटक बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के नहीं घुस पाएंगे।  पुलिस किमाड़ी और कुठालगेट में प्रभावी चेकिंग चलाकर लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट, रजिस्ट्रेशन और होटल बुकिंग संबंधी दस्तावेज चेक करेगी। इसके साथ ही मसूरी से करीब 16 किलोमीटर दूसर स्थित टिहरी जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल कैंपटीफॉल झरने में अब एक बार में 50 पर्यटक ही नहा पाएंगे। 


फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम 
पेट्रोल-डीजल के दाम एक दिन के विश्राम के बाद शनिवार को फिर बढ़ गये। देश के चार बड़े महानगरों में आज पेट्रोल 39 पैसे तक और डीजल 32 पैसे तक महँगा हुआ। इससे पहले शुक्रवार को कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल का मूल्य 35 पैसे बढ़कर आज 100.81 रुपये और डीजल की कीमत 26 पैसे बढ़कर 89.88 रुपये प्रति लीटर के रिकॉडर् स्तर पर पहुँच गई।


ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए यूपी में मतदान जारी 
उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की कड़ी में शुक्रवार को राज्‍य में 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि 476 पदों के लिए आज मतदान हो  रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने दावा किया है कि निर्विरोध चुने गये क्षेत्र पंचायत प्रमुखों में से 334 भाजपा के हैं।

 

32 लाख MGNREGA मजदूरों को 352 करोड़ की मदद
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राज्य में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) के तहत काम कर रहे 32 लाख मजदूरों को 352 करोड़ रुपये बांटे। मनरेगा के मजदूरों को उपलब्ध कराई गई ये कोविड मदद ओडिशा सरकार के गरीबों के लिए 1,690 करोड़ रुपये के विशेष कोविड​​​-19 पैकेज का हिस्सा है। 

vasudha

Advertising