'पूरा देश वन नेशन, वन इलेक्शन चाहता है', मध्यप्रदेश में बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

Sunday, Apr 07, 2024 - 05:50 AM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की और बेहतरी के लिए आज फिर ‘‘एक देश, एक चुनाव'' व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि ऐसा होने पर जनता के धन और समय की बचत होगी। सिंह ने मध्यप्रदेश के सीधी संसदीय क्षेत्र के सिंगरौली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि हमारी पार्टी का मानना है कि देश में एक देश, एक चुनाव की व्यवस्था लागू होना चाहिए। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ साथ होना चाहिए। ऐसा होने पर धन और समय की बर्बादी से बचा जा सकेगा। 

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस व्यवस्था के सिलसिले में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। यदि यह व्यवस्था लागू होगा, तो देश और मजबूत होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश में कुछ माह पहले संपन्न विधानसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में कहा कि तब बात कही जा रही थी कि भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा है, लेकिन नतीजे पूरी तरह भाजपा के पक्ष में आए और एक बार फिर मोदी की लोकप्रियता साबित हुई। 

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में फिर मध्यप्रदेश में इसी तरह के नतीजे आएंगे। वरिष्ठ भाजपा नेता ने भाजपा सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल के बारे में बताया और कांग्रेस की नीतियां भी जनता के समक्ष रखीं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों, जनता और देशहित में कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस कई दशकों तक देश पर राज करने के बावजूद जनता की सेवा नहीं कर सकी। 

Pardeep

Advertising