दिल्ली में कर्तव्य पथ पर दिखा तिरंगा यात्रा का जोश, सेना के शौर्य पर गूंजा जयघोष, देखें वीडियो
punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 07:28 PM (IST)

नेशलन डेस्क: दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मंगलवार को निकाली गई 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा' ने राजधानी के आसमान में देशभक्ति की नई गूंज भर दी। आम जनता से लेकर नेताओं तक सभी ने इस यात्रा में भाग लेकर भारतीय सेना के पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव मनाया। दिल्ली के प्रतिष्ठित इंडिया गेट स्थित कर्तव्य पथ पर जब तिरंगा यात्रा शुरू हुई तो माहौल में जोश और गर्व की लहर दौड़ गई। स्कूली छात्र, स्काउट गाइड, महिला कार्यकर्ता और आम नागरिक भारी संख्या में शामिल हुए। सभी के हाथों में लहराता तिरंगा और चेहरों पर गर्व की मुस्कान थी। यह दृश्य भारत की एकजुटता और सेना के प्रति सम्मान को दर्शाता था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सशक्त संदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस यात्रा में भाग लेते हुए कहा, “भारत की सेनाएं पूरी तरह सक्षम हैं। यदि कोई देश भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा तो उसे करारा जवाब मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो फैसले लिए जा रहे हैं, वे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय हैं।” इस यात्रा में शामिल शुभम ने कहा, “यह मेरे लिए भावनात्मक पल है। भारतीय सेना ने जिस तरह से देश की सुरक्षा के लिए सीमा पार जाकर कार्य किया, उससे हम सभी गौरव महसूस कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि वे हर परिस्थिति में भारतीय सेना के साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं।
#WATCH दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कर्तव्य पथ पर 'तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा' में कहा, "... भारतीयों के लिए जो निर्णय लिए गए हैं, वे हम सभी के लिए गौरव की बात है... यदि आतंक के आका भारत की ओर आंख उठाकर देखेंगे तो हमारी सेनाएं, सरकार और प्रधानमंत्री मोदी उन्हें… pic.twitter.com/F5orlZ9Bsl
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 13, 2025
‘हर बेटी सेना के साथ’
बीजेपी कार्यकर्ता सीमा तिवारी ने गर्व से कहा कि वे चाहती हैं हर भारतीय महिला सेना का समर्थन करे। उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, “जब किसी देश को अपनी ही सेना पर भरोसा नहीं होता, तो वह आतंकियों के पीछे छिपता है। भारत की बेटियां अब चुप नहीं रहेंगी, वे भी सेना के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी हैं।”
बीजेपी नेताओं ने क्या कहा?
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य ताकत का स्पष्ट उदाहरण है। अब कोई आतंकी घटना भारत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकिस्तान में भी आतंकियों को सुरक्षित पनाह नहीं मिलेगी।”
भाजपा नेता संदीप मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री मोदी की नीति की सराहना करते हुए कहा, “अब आतंकी जान लें कि भारत बदल चुका है। देश की सेना को अब जवाब देने की पूरी आजादी है और दुश्मनों को करारा जवाब भी मिल रहा है।”