बीजद के सत्ता से बाहर होने पर ही होगा ओडिशा का विकास: अमित शाह

punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2019 - 05:11 PM (IST)

मोरदा : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि भ्रष्ट और अक्षम बीजद सरकार के सत्ता से बाहर होने पर ही ओडिशा का विकास हो सकता है। आदिवासी बहुल मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि देशभर के लोगों ने संकल्प लिया है कि नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें। शाह ने कहा, हालांकि, अगर मोदी फिर से प्रधानमंत्री बन भी जाएं तो भी ओडिशा की जनता का काम तब तक पूरा नहीं होता जब तक भ्रष्ट और अक्षम नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) सरकार को भी सत्ता से बाहर न किया जाए।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया, मैं 261 लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर चुका हूं। पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक, मैं लोगों को मोदी मोदी नारे लगाते हुए सुन सकता हूं। उन्होंने कहा कि यह साफ है कि पूरे देश ने मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। शाह ने दावा किया कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से बीजद की रातों की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की जनता को तेज विकास के लिए केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकारें बनाने के लिए वोट डालना चाहिए। राज्य के चिटफंड घोटालों पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, राज्य में भाजपा के सरकार में आने के 90 दिन के अंदर चिटफंड घोटाले में संलिप्त सभी लोगों को जेल भेजा जाएगा। 

उन्होंने कहा कि कई बीजद नेता और अधिकारी भी करोड़ों रुपयों के खनन घोटाले में लिप्त हैं और उनके खिलाफ भी मामले दर्ज किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए शाह ने लोगों से पूछा कि वे उडिय़ा भाषा बोलने में असमर्थ थके और भ्रष्ट मुख्यमंत्री को पद पर बनाए रखना चाहते हैं या उनकी जगह मजबूत नेता को देखना चाहते हैं। शाह ने पिछली कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ हो रहे हैं। चौथे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News