एक-दो दिन में होगा राजस्थान के मुख्यमंत्री का फैसला, सोनिया गांधी तय करेंगी नाम

Thursday, Sep 29, 2022 - 05:52 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान में सियासी विवाद के बाद अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कुर्सी भी खतरे में पड़ गई है। एक दो दिन में राजस्थान के नए मुख्यमंत्री का ऐलान संभव है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह जानकारी दी। वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया एक दो दिन में राजस्थान के मुख्यमंत्री का ऐलान कर सकती हैं।

इससे पहले अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। गहलोत ने यह भी कहा कि राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इसका फैसला खुद सोनिया गांधी करेंगी।

अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव
दरअसल, राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में एंटी इनकंबेंसी कम करने के लिए राजस्थान में चेहरा बदला जा सकता है। साल 2018 में भाजपा को हराकर सत्ता पर काबिज हुई कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती है। राजस्थान के पिछले कुछ दशकों में देखा गया है कि कोई भी सरकार लगातार दूसरी बार चुनकर नहीं आई है। ऐसे में कांग्रेस राज्य में दूसरी बार सरकार बनाने के लिए नेतृत्व परिवर्तन कर सकती है। 200 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 102 विधायक हैं, जबकि निर्दलियों को मिलाकर यह आकंड़ा 110 के पार पहुंच जाता है। भाजपा के पास 76 विधायक हैं।

ये नाम हैं रेस में
राजस्थान मुख्यमंत्री पद की रेस में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम सबसे आगे चल रहा है। लेकिन सचिन पायलट गहलोत गुट की पसंद नहीं हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी का नाम है। सीपी जोशी को गहलोत गुट मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में है। लेकिन विधायकों का कहना है कि हाईकमान जो फैसला करेगा वो मंजूर होगा।
 

Yaspal

Advertising