मुंबई में हाईटाइड की चेतावनी, लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की हिदायत

Sunday, Jul 05, 2020 - 12:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन बारिश जारी रही, जिसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने तटीय जिलों में हाई टाइड का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की जा रही है। 

वहीं भारी बारिश के कारण मुंबई के हिंदमाता क्षेत्र और सायन किंग सर्कल में जलभराव हो गया है, जिस कारण लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को  12.23 मिनट पर 4.63 मीटर की हाई टाइड होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को घरों में रहने की ही हिदायत दी गई है। 

मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरि के लिए शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया था और पालघर, मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में कई स्थानों पर शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया था। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने कहा कि सायन और मिलन सबवे जैसे निचले इलाकों में जल-जमाव की सूचना मिली है। लेकिन अभी तक बड़े पैमाने पर जल-जमाव की कोई शिकायत नहीं आई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मुंबई के उपमहानिदेशक के एस होसालिकर ने शनिवार को ट्वीट किया था कि पिछले 24 घंटे में मुंबई में भारी बारिश हुई। मुंबई और पश्चिम तट में आज भारी बारिश जारी रहेगी। इस बीच, रत्नागिरी ब्यूरो ने शुक्रवार से 69.3 मिमी और हरनाई मौसम स्टेशन ने 165.2 मिमी बारिश दर्ज की थी। 
 

vasudha

Advertising