न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहड़ होंगे देश के नये प्रधान न्यायाधीश

Wednesday, Dec 07, 2016 - 02:03 AM (IST)

नई दिल्ली: देश के दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहड़ को नया प्रधान न्यायाधीश नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। प्रधान न्यायाधीश तीरथ सिंह ठाकुर ने न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहड़ को अपने उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया है। 

जस्टिस जेएस केहर को 4 जनवरी, 2017 को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। जस्टिस केहर देश के 44वें चीफ जस्टिस होंगे। वह जस्टिस टीएस ठाकुर की जगह लेंगे और सिख समुदाय से देश के चीफ जस्टिस बनने वाले पहले व्यक्ति होंगे।

मेमोरैन्डम आफ प्रोसीजर के मुताबिक विधि एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने न्यायमूर्ति ठाकुर को नवंबर में पत्र लिखकर उनसे अपने उत्तराधिकारी को नामित करने का अनुरोध किया था। न्यायमूर्ति ठाकुर ने आज अपने जवाब में न्यायमूर्ति खेहड़ को नया प्रधान न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की।

जेएस केहर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट, उत्तराखंड हाईकोर्ट और कर्नाटक हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस रह चुके हैं। उन्हें साल 2011 में सुप्रीम कोर्ट का जज भी बनाया गया था।

Advertising