मोदी का आरोप- धड़ल्ले से चल रहा लालू परिवार के मॉल का निर्माण

Friday, May 19, 2017 - 08:02 PM (IST)

पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी विधान मंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के उप मुख्यमंत्री पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव के 750 करोड़ की लागत से पटना में बन रहे राज्य के सबसे बड़े अवैध मॉल को केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिर्वतन मंत्रालय के 3 दिन पूर्व रोक लगाए जाने के आदेश के बाद भी निर्माण कार्य को नहीं रोका गया। मोदी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजद अध्यक्ष यादव के उप मुख्यमंत्री पुत्र तेजस्वी के 750 करोड़ रुपए के राज्य का सबसे बड़े मॉल का अवैध निर्माण चल रहा है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव राज्य के पर्यावरण एवं वन मंत्री हैं इसलिये बिना अनुमति के ही एक वर्ष पूर्व से धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि मॉल के अवैध निर्माण को लेकर उन्होंने 27 अप्रैल को केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं  जलवायु परिर्वतन मंत्रालय को पत्र लिखा था। इसके साथ ही उन्होंने राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकार (एसआईइएए) को भी अवैध निर्माण के संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 मई को ही अवैध निर्माण पर रोक लगा दी लेकिन अभी भी निर्माण कार्य जारी है।  

Advertising