मौत की सुचना मिलते ही छोड़ भागे शादी, ट्राले से टकराई कार, 2 की मौत

Monday, Nov 28, 2016 - 12:06 PM (IST)

नूरपुरबेदी (संजीव): गत रात्रि पानीपत के समीप हुए एक सड़क हादसे में नूरपुरबेदी क्षेत्र से संबंधित 2 नौजवानों की मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर पाई जा रही है। इस हादसे दौरान आल्टो कार में सवार 3 अन्य नौजवान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया। जानकारी के अनुसार 5 नौजवान अमरजीत सिंह पुत्र महिन्द्र सिंह निवासी नंगल, प्रदीप सिंह पुत्र नसीब सिंह निवासी नंगल, तजिन्द्र सिंह पुत्र टहिल सिंह निवासी सरथली, प्रीतम सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी सरथली और गुरचैन सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी बैंस अपने दोस्त की भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हुए थे। 

इस दौरान गुरचैन सिंह की दादी की मौत की सूचना मिलते ही उक्त पांचों नौजवान शादी बीच में ही छोड़कर वापस नूरपुरबेदी के लिए रवाना हो गए।  इस दौरान पानीपत के नजदीक रात्रि करीब 12 बजे एक ट्राले के साथ उनकी आल्टो कार की टक्कर हो गई और इस हादसे से कार में सवार गुरचैन सिंह (45) और प्रीतम सिंह (33) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि कार सवार अन्य 3 नौजवान अमरजीत सिंह, प्रदीप सिंह व तजिन्द्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया। मृतक गुरचैन सिंह अपने पीछे पत्नी, बेटा और एक बेटी जबकि प्रीतम सिंह अपने पीछे पत्नी, 4 वर्षीय बेटी और डेढ़ वर्ष का बेटा छोड़ गया है। उक्त घटना की जानकारी मिलते ही समूचे क्षेत्र में मातम छा गया।

Advertising