सिद्धू के नाम पर बोले कैप्टन- जो एक मंत्रालय नहीं चला सकता, वह सरकार क्या चलाएगा?

Saturday, Sep 18, 2021 - 07:15 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू मेरा मंत्री था और उसे निकालना पड़ा। 7 महीने तक अपनी फाइलें क्लियर नहीं की। क्या इस तरह का व्यक्ति जो एक विभाग नहीं संभाल सकता वो एक राज्य संभाल सकता है?  मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा नवजोत सिंह सिद्धू नाकारा हैं और वे पाकिस्तान के आदमी हैं। 

अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं जानता हूं कि नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान के साथ कैसे संबंध है। पाकिस्तान का प्रधानमंत्री इसका दोस्त है, जनरल बाजवा के साथ इसकी दोस्ती है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री बनना ही नवजोत सिंह सिद्धू का लक्ष्य है। उन्हों ने कहा कि देश हित में नवजोत सिंह सिद्धू का विरोध करेंगे। 

नवजोत सिंह सिद्धू के नाम की संभावना का विरोध करते हुए कहा कि जो एक मंत्रालय ठीक से नहीं चला सके, वो भला राज्य क्या चलाएंगे। अमरिंदर सिंह ने एक निजी चैनल के साथ बातचीत में यह दावा भी किया कि अगर सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो वह पंजाब का बेड़ा गर्ग कर देंगे। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे वक्त की है, जब चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो रही है। इस बैठक में नये नेता के बारे में फैसला होने की संभावना है।

यह पूछे जाने पर कि क्या सिद्धू मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें स्वीकार होंगे, तो अमरिंदर सिंह ने इसका ना में जवाब दिया। उन्होंने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘एक मंत्रालय तो चला नहीं सके, राज्य क्या चलाएंगे। सब बर्बाद कर देंगे। उनकी कुव्वत नहीं है। पूरे राज्य का बेड़ा गर्क कर देंगे।''

Yaspal

Advertising