ब्लू व्हेल खेलने वाले ने शेयर किया गेम का भयानक सच

Thursday, Sep 07, 2017 - 10:27 AM (IST)

कराईकल: तमिलनाडु के कराईकल जिले में घातक ब्लू व्हेल गेम खेलते समय बचाए गए 22 वर्षीय युवक ने अपने भयावह अनुभव को आज सांझा किया और युवाओं से किसी भी हाल में इस गेम को नहीं खेलने की अपील की। जिले के नेरावी निवासी अलेक्जेंडर को पुलिस ने कल उस समय बचा लिया था जब वह अपनी बाजू पर चाकू से मछली की छवि बनाने वाला था। उसने कहा कि उसने इस खेल से जुड़े खतरों के बारे में मीडिया में बात करने और अन्य लोगों को इसे नहीं खेलने की सलाह देने का विकल्प चुना।

अलेक्जेंडर ने खुलासा किया कि उसके सहकर्मियों ने एक whatsapp ग्रुप बनाया था जिस पर 2 सप्ताह पहले उसे यह गेम खेलने के लिए लिंक मिला और जब वह छुट्टी पर नेरावी आया, तो उसने यह गेम खेलना शुरू किया। अलेक्जेंडर ने कहा कि यह गेम खेलना शुरू करने के बाद वह ड्यूटी पर चेन्नई वापस नहीं गया। उसने कहा, ‘‘इस एप या गेम को डाऊनलोड नहीं किया जाना चाहिए। यह ऐसा लिंक है जिसे ब्ल्यू व्हेल एडमिन यह गेम खेलने वाले लोगों के अनुसार बनाता है।’’ अलेक्जेंडर ने कहा कि एडमिन जो टास्क देता है, उसे हर रोज देर रात 2 बजे के बाद ही पूरा करना होता है।

Advertising