'फादर ऑफ इंडिया' को लेकर थरूर की चुटकी, कहा- पिता से पहले बच्चा कैसे पैदा हो गया

Friday, Oct 04, 2019 - 02:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'फादर ऑफ इंडिया' कहे जाने पर देश की राजनीति गरमा गई है। अब कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी इस मामले को उठाते हुए ट्रंप की चुटकी ली।  उन्होंने कहा कि देश हैरत है कि बेटा पहले पैदा हुआ और पिता बाद में। 


थरूर ने अमेरिका के राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें पता है कि हमारे देश के राष्ट्रपिता कौन है। यह किसी को भी बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन शायद ट्रंप साहब को पता नहीं है कि भारत स्वतंत्र हुआ 1947 में और मोदी जी की बर्थ डेट में शायद कुछ विवाद तो है..अब यह या तो 1949 या फिर 1950 है...तो काफी मुश्किल है कि पिता बाद में पैदा हो और बच्चा पहले।  

 

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस वक्त देश में एक माहौल बनाया जा रहा है कि जिस तरह पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री का स्वागत हो रहा है वैसा पहले कभी नहीं हुआ। जबकि यह सही नहीं है। नेहरू जी का स्वागत भी इसी तरह किया गया था। बल्कि नेहरू जी और इंदिरा जी जैसा फेम अब तक किसी भी नेता को नहीं मिला। 

 

थरूर ने ट्रंप को जवाब देते हुए कहा कि हमें मध्यस्थ की जरूरत नहीं है। हमें पाकिस्तान से बात करने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन अगर वे एक हाथ में बंदूक और दूसरे में बम रखते हैं, तो हम उनसे बात नहीं कर सकते। इस मसले पर कांग्रेस और बीजेपी का रुख एक ही है। कश्मीर पर तीसरे पक्ष की कोई आवश्यकता नहीं है। 

vasudha

Advertising