आतंकी संगठन अलकायदा ने दी भारत में आत्मघाती हमले की धमकी, गुजरात और मुंबई होंगे टार्गेट

Wednesday, Jun 08, 2022 - 12:30 AM (IST)

नेशनल डेस्कः आतंकवादी संगठन अलकायदा ने भारत में आत्मघाती हमले की धमकी दी है। अलकायदा ने अपने धमकी भरे मैसेज में कहा कि गुजरात और मुंबई और यूपी समेत कई राज्य निशाने पर हैं। उसने अपने मीडिया चैनल के जरिए दो पन्नों का बयान जारी किया है। बता दें कि भाजपा नेता द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के बाद खाड़ी देशों में बवाल मचा हुआ है। हालांकि, भाजपा ने अपने नेता को सस्पेंड कर दिया है बावजूद इसके मामला शांत नहीं है।

चिट्ठी में लिखा गया है कि ‘हम दुनिया के हर उस दुस्साहसी शख्स, जो पैगंबर की गरिमा के खिलाफ बोलता है, उसको आत्मघाती हमलों में मार गिराएंगे।' अलकायदा ने हिंदुओ को आतंकवादी बताते हुए उन्हें भारत पर कब्जा करने वाला कहा है, और खुद को पैगंबर की गरिमा के लिए लड़ने वाला बताया है।

चिट्ठी में लिखा गया है, 'हम दूसरों से अपने नबियों के सम्मान के लिए लड़ने और मरने का दरख्वास्त करेंगे। हम उन लोगों को मार डालेंगे जो हमारे पैगंबर का अपमान करते हैं और हम अपने शरीर और अपने बच्चों के शरीर के साथ बम बांधेंगे ताकि उन लोगों को उड़ा दिया जाए जो हमारे पैगंबर की बेअदबी करने की हिम्मत करते हैं।' चिट्ठी में साफ तौर पर लिखा है, 'भगवा आतंकवादियों को अब दिल्ली, मुंबई, यूपी और गुजरात में अपने अंत का इंतजार करना चाहिए। ऐसे लोग न तो अपने घर मे सुरक्षित रह पाएंगे और न ही उनकी सेना उनकी रक्षा कर पायेगी।'

चिट्ठी में किया गजवा-ए-हिंद का जिक्र
इस चिट्ठी में साफ तौर पर भारतीय मीडिया की टीवी चैनलों में डिबेट के दौरान बीजेपी प्रवक्ताओं के द्वारा पैगंबर पर की गई टिप्पणी का जिक्र किया गया है। चिट्ठी में लिखा है कि हम उपमहाद्वीप में रहने वाले अपने भाइयों को याद दिला दें कि हमारे नबी ने भारत की जंग (गजवा-ए-हिंद) के बारे में हमें पहले ही बताया है और इस जंग में मुसलमानों की जीत की भविष्यवाणी की है। चिट्ठी में लिखा है, ‘उसी समय हम भारत के शासकों की मौत और तबाही की लहर लेकर आएंगे, और सूली पर चढ़ाएंगे, कैद करेंगे और जंजीरों से बांधेंगे।’

Yaspal

Advertising